पटना 21 अक्टूबर 2026 - पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में दशहरे के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बभनपुरा गांव में लव अफेयर और जमीन के विवाद में एक चाचा ने अपने ही भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है. मंगलवार सुबह दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा ललन शर्मा मौके से फरार हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ललन शर्मा पेशे से बिल्डर है।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मृतक दीपक कुमार किसी जुर्म में करीब 4 साल तक जेल में बंद था. इसी दौरान चाचा ललन शर्मा और दीपक की पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. जब दीपक जेल से बाहर आया तो उसे इस रिश्ते की भनक लग गई जिसके बाद से वह लगातार इसका विरोध कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ललन की पत्नी ने बताया कि उसके पति का मृतक दीपक की पत्नी के साथ अवैध संबंध चल रहा था. दीपक को जब यह बात पता चली तो चाचा - भतीजे के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा. ललन की पत्नी का यह भी दावा है कि इस विवाद में दीपक ललन को मारना चाहता था लेकिन मौका पाकर ललन ने ही दीपक को गोली मार दी।
उधर मृतक दीपक के पिता विन्ध्याचल शर्मा ने भी ललन और अपनी बहू के बीच अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया है. विन्ध्याचल शर्मा का कहना है कि ललन ने उनकी बहू के मायके में उसके लिए जमीन खरीदकर एक घर भी बनवाया था. उन्होंने मीडिया को बताया कि मंगलवार सुबह घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे. जब वह वापस लौटे, तब उन्हें बेटे की हत्या की खबर मिली।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के 6 खोखे मिले हैं. फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसकी बेटी से पूछताछ की है और फरार आरोपी ललन शर्मा की तलाश में तफ्तीश जारी है।












