जशपुर 21 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक युवक द्वारा थाने में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना बगीचा थाना परिसर की है, घटना से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को इलाज के लिए बगीचा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। 

जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी से जुड़े घरेलू विवाद और पारिवारिक परेशानियों के कारण बगीचा थाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर मानसिक तनाव में था। वह अपनी परेशानी पुलिस के सामने रखना चाहता था। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत शुरू की और घरेलू विवाद के संबंध में जानकारी लेने लगे। इसी दौरान युवक ने अचानक जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। 

युवक की इस हरकत के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाली और युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना के बाद पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक अपने साथ कौन-सा पदार्थ लेकर आया था और उसने किन परिस्थितियों में उसका सेवन किया। युवक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।