कांकेर 20 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में ईलाज और झाड़-फूंक के नाम पर 14 वर्षीय नाबालिग के कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। ताड़ोकी थाना क्षेत्र में रहने वाले 44 वर्षीय वैद्यराज पर इलाज के बहाने नाबालिग को नशीली दवा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब बच्ची की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां चिकित्सकीय जांच में बच्ची के लगभग पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई जानकारी के बाद परिजन बच्ची से बात कर पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली तब बच्ची ने उपचार के नाम पर नशीली दवा देकर बेहोश करने और यौन शोषण किए जाने का आरोप वैद्य पर लगाया। इसके बाद परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने 18 अक्टूबर 2026 को ताड़ोकी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2026 में बच्ची की तबीयत खराब होने पर परिवार उसे ग्राम आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा (44 वर्ष) के पास उपचार कराने लेकर गए थे। आरोप है कि वैद्यराज ने बच्ची को बच्चेदानी से संबंधित समस्या होने की बात कही और उपचार के नाम पर उसे ताबीज भी दिया। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्ची की तबीयत में सुधार होगा। इसके चलते वे बाद में भी कई बार उसे आरोपी के पास लेकर गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (1), 64 (2) (m), 65 (1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी रमेश कुमार पिस्दा, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम आमागांव को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।












