कोरबा 20 अक्टूबर 2026 - कोरबा जिले में दशहरे के दिन अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा करतला थाना क्षेत्र के रामपुर - नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर हुआ है. दोनों मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा में नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी. विजयादशमी के दिन दोपहर में प्रतिमा विसर्जन के बाद दोनों युवक इलेक्ट्रिक बाइक से पंडित के यहां सामान छोड़ने गए थे. वहां से वापस लौटते समय रामपुर - नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 4 बजे वे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. फोरेंसिक टीम कौ मौके पर बुलाकर भौतिक साक्ष्य जुटाए गए. पंचानामा के बाद शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं परिजनों को सूचना दे दी गई है. हादसे के बाद भारी वाहन चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












