बिलासपुर 20 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दुर्गा दर्शन करने आए एक ही परिवार के सात लोगो की मेले में गुपचुप खाने के कुछ देर बाद सभी को पेट दर्द, मरोड़ और उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर सभी को सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फूड पाइजनिंग की आशंका जताई है। पीड़ितों में महिलाएं, युवक और बच्चे शामिल हैं। सबसे कम उम्र का पीड़ित छह वर्षीय शिवांश साहू है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसदा निवासी साहू परिवार रविवार की देर रात मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए बिलासपुर शहर आया था।परिवार के सदस्य शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों का भ्रमण करते हुए रात करीब 12 बजे सीएमडी कॉलेज मैदान पहुंचे। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन करने के बाद परिवार के लोग मैदान में लगे मेले में घूमने लगे। इसी दौरान परिवार के सभी सदस्यों ने एक ठेले से गुपचुप खाया।

बताया जा रहा है कि गुपचुप खाने के बाद साहू परिवार के सदस्य कुछ देर तक मेले में रुके रहे। जब परिवार वापस लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी एक-एक करके सदस्यों को पेट दर्द और मरोड़ की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई सदस्यों को उल्टियां शुरू हो गईं। कुछ ही देर में परिवार के सभी सात सदस्य बीमार पड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना आयोजन समिति के सदस्यों को दी। इसके बाद सभी पीड़ितों को इलाज के लिए सिम्स पहुंचाया गया।

सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के अनुसार, गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग बीमार पड़े हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। हालांकि, बीमारी का सटीक कारण खाद्य सामग्री की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा। सभी पीड़ित ग्राम परसदा के रहने वाले साहू परिवार के सदस्य बताए गए हैं।