बूंदी 18 दिसम्बर 2021 - राजस्थान के बूंदी जिले की एक पॉक्सो कोर्ट ने पीड़िता के अपने बयान से मुकरने के बावजूद बलात्कार करने के जुर्म में एक व्यक्ति को दोषी ठहराया है. कोर्ट ने आरोपी को दोषी मानते हुए उसे 20 साल जेल की सजा सुनाई है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नाबालिग पीड़िता के गोपनीय अंग में 24 साल के बनवारी मीणा के वीर्य की मौजूदगी सहित वैज्ञानिक सबूत के आधार पर उसे दोषी ठहराया गया है. लोक अभियोजक राकेश ठाकुर ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (पॉक्सो) के तहत सुनवाई करने वाली अदालत ने 
बनवारी मीणा पर 70,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

घटना के एक दिन बाद पुलिस को दिए अपने बयान में 16 साल की पीड़िता ने आरोप लगाया था कि बनवारी मीणा ने अपने दोस्त सोनू के साथ मिलकर दो फरवरी 2020 को घर से उसका अपहरण कर लिया था पीड़िता ने कहा कि वे उसे मोटरसाइकिल पर पास के एक सुनसान स्थान पर ले गए थे. जहां बनवारी मीणा ने उसके साथ बलात्कार किया, जबकि सोनू पहरा दे रहा था।

हिंडोली के पुलिस उपाधीक्षक और सर्किल ऑफिसर श्याम सुंदर बिश्नोई ने शुक्रवार को कहा कि हालांकि, पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने बनवारी मीणा के साथ समझौता कर लिया और जिसके परिणाम स्वरूप पीड़िता अदालत में बयान से मुकर गई और आरोपी की पहचान करने से इंकार कर दिया. उन्होंने कहा कि जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य दोषसिद्धि में निर्णायक साबित हुए. अदालत ने नाबालिग बलात्कार पीड़िता के गोपनीय अंग में आरोपी के वीर्य डीएनए की मौजूदगी संबंधी फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर उसे दोषी ठहराया है. उन्होंने कहा कि सबूतों के अभाव में सोनू को आरोप से बरी कर दिया गया है।

9