रायपुर 13 अगस्त 2026 -  राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सरस्वती नगर पुलिस ने दिशा कॉलेज रोड स्थित रियांश किचन के पास दबिश देकर सट्टा संचालित कर रहे आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी की पर्चियां, डॉट पेन और 4,990 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सऐप और कागज की पर्चियों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के दिशा कॉलेज रोड स्थित रियान किचन के पास कुछ लोग सट्टा संचालित कर रहे हैं। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और उन्हें पकड़कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विनोद कुमार ज्योति, अनिल कुमार और विद्यासागर बताया। तीनों आरोपी सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब उनके पास मौजूद मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी भेजने और अलग-अलग नंबरों पर पैसे लगाने से संबंधित जानकारी मिली।

पुलिस ने तीनो आरोपियों के खिलाफ धारा 4(क) सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1976, धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।