ग्वालियर 13 अगस्त 2026 - ग्वालियर के महाराजपुरा थाना इलाके में घर के बाहर बैठी 13 साल की मासूम अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। जब काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन अपहरण की FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
परिजनों ने मामले की जानकारी देते हुए पड़ोस के ही एक युवक, करण (पिता श्याम सुंदर पासवान) पर शक जताया। पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाला। कॉल डिटेल और लोकेशन खंगालने पर पता चला कि आरोपी की मौजूदा लोकेशन दिल्ली में है। इसके बाद ग्वालियर पुलिस की एक विशेष टीम बिना कोई देरी किए दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई।
दिल्ली पहुंची ग्वालियर पुलिस की टीम ने लोकेशन के आधार पर बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी करण को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 13 वर्षीय पीड़िता को सुरक्षित छुड़ा लिया। जिसके बाद बच्ची को वापस ग्वालियर लाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
ग्वालियर लाकर जब महिला पुलिस अधिकारियों ने किशोरी पूछताछ की तो उसने आरोपी की काली करतूत बयां कर दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ दिल्ली ले गया था, जहां उसने उसके साथ कई बार गलत काम (दुष्कर्म) किया। बच्ची के बयानों के आधार पर पुलिस ने दर्ज FIR में तुरंत धाराएं बढ़ा दी। अब आरोपी के खिलाफ मूल अपहरण की धारा के साथ-साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सख्त धाराएं जोड़कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









