मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक के साथ मिली कार के मालिक ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र , 24/07/2024 5:03:04 AM
मुंबई 06 मार्च 2021 - पिछले दिनों बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के घर (एंटीलिया) के बाहर एक संदिग्ध कार बरामद हुई थी। वहीं कार के मालिक मनसुख हिरेन ने आत्महत्या कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार कार मालिक मनसुख ने कलावा ब्रिज से कूदकर जान दी है। ठाणे के डीसीपी ने बताया कि मनसुख हिरेन जिनकी कार मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली थी, उसने आत्महत्या कर ली। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की पुलिस छान बीन कर रही है।
हिरेन की मौत से कुछ देर पहले ही विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जांच अधिकारी पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा था कि हिरेन को सुरक्षी दी जानी चाहिए थी क्योंकि उसकी जान को खतरा हो सकता था। देवेन्द्र फणडवीस ने कहा है कि जांच अधिकारी सचिन वाझे और हिरेन पहले ही संपर्क में थे।
मनसुख हिरेन ने बताया था कि उनकी कार चोरी हो गई थी और उन्होंने इसके लिए एफआईआर भी दर्ज कराई थी। उनकी स्कॉर्पियो कार से जिलेटिन की 20 छड़ें बरामद हुई थीं, जिससे हड़कंप मच गया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पुलिस ने उस शख्स की पहचान करने की कोशिश की थी, जिसने उस कार को पार्क किया था। हालांकि उसके मास्क पहने होने के चलते ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई थी। देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ही विधानसभा में इस मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि घटना के जांच अधिकारी सचिन वझे और मनसुख हिरेन काफी पहले से संपर्क में थे। उन्होंने एक सीडीआर भी पेश की है।
आपको बता दें कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर जो संदिग्ध कार बरामद हुई थी उसमें भारी मात्रा में बारूदी सामान जिलेटिन की छड़ें, एक धमकी भरा पत्र और कई नंबर प्लेट्स भी बरामद हुईं थी। पुलिस की छानबीन के बाद मनसुख हिरेन ने बताया था कि उनकी कार चोरी हो गई थी और उन्होंने इसके लिए एफआईआर भी दर्ज कराई थी।















