छत्तीसगढ़ - जुआ खेलते कुल्लू साहू सहित 08 जुआरी गिरफ्तार, 01 लाख 82 हजार नगद सहित 05 लाख का सामान जप्त
दुर्ग 29 जून 2026 - दुर्ग जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने गनियारी स्थित बड़कू दाऊ की बाड़ी में चल रहे जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 5.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के ग्राम गनियारी, भिलाई-3 में स्थित एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
पुलिस ने मौके से कुल 1,82,670 नकद, 8 मोबाइल फोन और 3 बाईक जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग ₹5,20,170 आंका गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार जुआरियों की पहचान तुंगत चंद्राकर (35), केवल चंद्राकर (29), शिवम वर्मा (25), प्रवीण देवांगन (24), ताकेश्वर साहू (41), चिराग चंद्राकर (25), प्रकाश चंद्राकर (41) और कुल्लू साहू (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
















