छत्तीसगढ़ - संदिग्ध हालत में जगतार सिंह की लाश मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी..
बिलासपुर 30 जून 2026 - बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग की लाश मिलने से इलाके में सनसनी मच गई है। मृतक की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है, जो एक दिन पहले ही लापता हुए थे और जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार को जगतार सिंह घर से बाहर निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद चकरभाठा थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगले ही दिन उनका शव कॉलोनी के पास संदिग्ध हालत में मिला, शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था और घटनास्थल के पास मृतक के जूते और पैंट मिले। वहीं कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी भी खड़ी मिली, जिससे यह मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है।
















