छत्तीसगढ़ - तेज रफ्तार मालवाहक ने बाईक सवारो को मारी टक्कर, हादसे में एक युवक की मौत
सूरजपुर 20 मई 2026 - सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सोनवाही मेन रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और हादसे में बाइक चालक कुबेश पैकरा (23) निवासी बगड़ा, थाना प्रतापपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के बाद छोटा हाथी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।














