खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री की हत्या के लिए 50 लाख की सुपारी , बढ़ाई गई सुरक्षा
महाराष्ट्र , 11-02-2024 2:01:40 AM
नासिक 10 फरवरी 2024 - महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल को एक पत्र मिला है, जिसमें उन्हें ‘‘उनकी जान को खतरा’’ होने के बारे में चेतावनी दी गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पत्र के मिलने के बाद पुलिस ने नासिक स्थित उनके आवास और कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी है। भुजबल अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में हैं। भुजबल ने कहा कि यदि उन्हें ऐसे और भी कई पत्र मिलते हैं, तो भी वह अपने रुख से पीछे नहीं हटेंगे।
अधिकारी ने बताया कि यह पत्र भुजबल के नासिक स्थित कार्यालय को शुक्रवार शाम को मिला। इसमें दावा किया गया कि मंत्री को नुकसान पहुंचाने के लिए पांच लोगों को 50 लाख रुपये की ‘सुपारी’ दी गई है। उन्होंने बताया कि पत्र में कहा गया है कि ये लोग उनकी (भुजबल) तलाश कर रहे हैं और नेता को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
















