सागर 20 नवम्बर 2026 - बंडा थाना क्षेत्र की गुगरा चौकी अंतर्गत ग्राम सेमरा गोपालमन में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ने गुरुवार सुबह बंडा स्थित सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदी थी। शराब पीने के कुछ देर बाद ही उन्हें सिर दर्द, उल्टियां और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (40 वर्ष) पिता नारायण लोधी और चंद्रभान लोधी (42 वर्ष) पिता मुलायम लोधी निवासी ग्राम सेमरा गोपालमन के रूप में हुई है। चंद्रभान के भाई अरविंद ने बताया कि दोनों गुरुवार सुबह गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर बंडा की सरकारी शराब दुकान से शराब लेकर आए थे। सुबह करीब 9 बजे दोनों ने देसी शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों के मुताबिक रात करीब 3:30 बजे चंद्रभान की हालत ज्यादा खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं कमलेश को गुरुवार शाम बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह चंद्रभान का बंडा अस्पताल और कमलेश का बीएमसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, दोनों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।













