बिलासपुर 20 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मंगला धुरीपारा में बेटी के प्रेम विवाह करने से खफा पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर खौफनाक कदम उठाते हुए एक ही परिवार के 5 लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गुरुवार रात चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसे पिता-पुत्र ने पहले अपनी बेटी और दामाद पर चाकू से वार किए। चीख-पुकार सुनकर जब बीच-बचाव करने माता-पिता और बहन दौड़े, तो बेरहम आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक धुरीपारा निवासी शाहिद अली पेशे से ड्राइवर हैं। उनके बेटे समीर अली ने करीब एक साल पहले मोहल्ले के ही बलराम कश्यप की बेटी से प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह को लेकर युवती के परिजन खासे नाराज बताए जा रहे थे। इसी रंजिश और गुस्से ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उसका ससुर बलराम कश्यप अपने बेटे के साथ वहां पहुंचा। अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपी बलराम ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। घर के भीतर दाखिल होते ही पिता - पुत्र ने बिना कुछ कहे सुने अपनी बेटी और दामाद समीर पर चाकू से हमला बोल दिया, जिससे घर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बेटी और दामाद पर होते प्राणघातक हमले की आवाज सुनकर समीर की मां शाइस्ता, पिता शाहिद और बहन उन्हें बचाने के लिए दौड़े। आरोप है कि गुस्से में अंधे हुए पिता-पुत्र ने बीच-बचाव करने आए इन तीनों सदस्यों पर भी चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया। परिवार के पांच लोगों को लहूलुहान करने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से भाग निकले।

घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिम्स में सभी का इलाज चल रहा है। परिवार के पांच सदस्यों पर एक साथ हुए चाकूबाजी के इस हमले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की तलाश और घटना के हर पहलू की पड़ताल में जुटी है।