नई दिल्ली 20 नवम्बर 2026 - राजधानी दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक ट्यूशन टीचर पर अपनी ही छात्रा से पांच साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि वह नाबालिग थी तभी शिक्षक ने पढ़ाने के बहाने उसे अपने घर बुलाया और उसका यौन शोषण किया। इसके बाद बालिग होने पर शादी करने का भरोसा देकर शोषण जारी रखा। लेकिन जब छात्रा ने पढ़ाई पूरी करने के बाद शादी की बात की तो आरोपी टीचर मोबाइल बंद करके फरार हो गया। अब 21 साल की हो चुकी पीड़िता ने भारत नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता फिलहाल 21 साल की है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2021 में वह भारत नगर इलाके में नरेश नाम के शिक्षक के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि 3 नवंबर 2021 को शिक्षक ने उसे पढ़ाने के बहाने अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय छात्रा नाबालिग थी। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि बालिग होने पर वह उससे शादी कर लेगा।
शिकायत के मुताबिक, समय बीतने के साथ छात्रा 18 साल की हो गई और उसने अपनी पढ़ाई भी पूरी कर ली। लेकिन आरोपी शिक्षक ने शादी नहीं की। पीड़िता का आरोप है कि वह लगातार शादी करने का भरोसा देता रहा। करीब पांच साल तक यह सिलसिला चलता रहा। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा। आखिरकार उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। कई बार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
पीड़िता ने रविवार को भारत नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।













