रायपुर 20 नवम्बर 2026 - भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी दिखने लगा है। केंद्र सरकार ने स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर आधा यानी 75 प्रतिशत करने के बाद राज्य सरकार ने भी आयातित विदेशी शराब की दरों में बड़ा बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग ने विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाली 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई दरों को हरी झंडी दे दी है।

आबकारी विभाग द्वारा जारी पुरानी और नई रेट लिस्ट की तुलना करने पर कीमतों में अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली है। उदाहरण के तौर पर जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में लगभग 5,000 रुपये तक की कमी आई है, वहीं सिंगलटन 12 ईयर का एक केस करीब 2,817 रुपये सस्ता हुआ है। राज्य के वाणिज्यिक कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बचे हुए महीनों के लिए 5 प्रमुख कंपनियों के इन 33 ब्रांडों की नई लैंडिंग कीमतों और बेवरेजेस कॉरपोरेशन की खरीद दरों को मंजूरी दी है। इस सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे कई चर्चित ब्रांड शामिल हैं।

गौरतलब है कि, भारत और ब्रिटेन के बीच यह मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से प्रभावी हुआ है। इस डील के तहत ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की पर लगने वाले भारी-भरकम आयात शुल्क को 150 से घटाकर 75 कर दिया गया है। समझौते की शर्तों के अनुसार, आने वाले 10 सालों में इस टैक्स को धीरे-धीरे और कम करके 40 प्रतिशत तक लाया जाएगा।

ग्राहकों को कितना फायदा मिलेगाआयात शुल्क घटने से कंपनियों के लिए ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की मंगाने की लागत निश्चित रूप से कम हुई है। हालांकि कंपनियों को मिल रही इस छूट का सीधा और पूरा फायदा आम ग्राहकों की जेब तक कितना पहुंचेगा, यह राज्य सरकार की खुदरा कीमत तय करने की नीति और वितरण खर्च पर निर्भर करेगा।