दुर्ग 20 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार पति और पत्नी की मौत हो गई। हादसा अमलेश्वर रोड पर हुआ, जहां स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दंपति को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान द्रोणाचार्य साहू और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, द्रोणाचार्य साहू अपनी पत्नी तामेश्वरी साहू के साथ दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अमलेश्वर रोड पर तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में घायल द्रोणाचार्य साहू को पाटन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू को बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया।लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पति की पाटन अस्पताल में और पत्नी की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।