रायपुर 20 नवम्बर 2026 - राजधानी रायपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और गर्भपात व नवजात शिशु को नाली में फेंकने के मामले में 2 डाॅक्टर समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है। बता दें कि इस मामले में कूल छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को 31 अक्टूबर की सुबह सात बजे सूचना मिली थी कि आयुष्मान अस्पताल नवापारा रोड किनारे नाली में एक नवजात शिशु का शव पड़ा है। इस सूचना पर गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। इस दौरान पता चला कि 30 - 31 अक्टूबर की रात एक नाबालिग बालिका ने आयुष्मान अस्पताल गोबरा नवापारा में नवजात शिशु को जन्म दिया था।
पूछताछ करने पर बताया गया कि नाबालिग होने की बात जानते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। गर्भपात की दवाई लेने के बाद उसके पेट में जोरदार दर्द हुआ, जिसके बाद वो अस्पताल पहुंची थी। जांच में पता चला कि अस्पताल के डॉक्टरों ने पॉक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया। डॉक्टरों को इस मामले की सूचना पुलिस को देनी थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इतना ही नहीं, नाबालिग का गर्भपात होने के बाद भ्रूण (या नवजात) को अस्पताल के बाहर नाली में फेंक दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
01. दौलत चक्रधारी पिता पोखराज चक्रधारी उम्र 20 साल साकिन कोलियारी थाना गोबरा नवापारा जिला रायपुर
02. चुम्मन साहू पिता लोमेश साहू उम्र 23 साल साकिन कुरूसकेरा थाना राजिम जिला गरियाबंद
03. बुधपाल सिंह पिता भूरेलाल सिंह उम्र 38 साल साकिन अनुव्रत विहार टीचर्स कॉलोनी कोटा रायपुर
04. प्रदीप यादव पिता अशोक यादव उम्र 31 साल साकिन अमरपुर थाना संग्रामपुर जिला अमेठी (उ.प्र.) हाल पता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नवापारा थाना गोबरा नवापारा













