रायपुर 20 नवम्बर 2026 - बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। बुधवार को इसकी रफ्तार बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। वहीं, गुरुवार सुबह तक चक्रवात गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था। यह लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी दिशा में गोपालपुर की ओर आगे बढ़ रहा है।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को ​मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में कल रात से रुक - रुककर बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के साथ कई अन्य जिले शामिल हैं। विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज - चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केन्द्र, रायपुर) तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर) द्वारा सुकमा जिले के लिए आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान एवं कृषि सलाह बुलेटिन जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में 18 से 22 नवम्बर 2026 के दौरान आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक घने बादल छाए रहने तथा 21 एवं 22 नवम्बर को भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में नमी (आर्द्रता) 50 से 95 प्रतिशत के मध्य रहेगी तथा उत्तर एवं उत्तर-पूर्व दिशा से 2 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।