मुरैना 22 अक्टूबर 2026 - मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक मामा ने अपने पिता (नाना) के साथ मिलकर अपने ही सगे भांजे को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल, आरोपी मामा ने भांजे को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
हत्या को महज एक सड़क हादसा साबित करने के लिए आरोपियों ने भांजे के शव को उसकी ही स्कॉर्पियो की ड्राइविंग सीट पर बिठाकर सूखी नहर में फेंक दिया था। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है। मृतक भांजा अकसर प्रॉपर्टी के काम के सिलसिले में मुरैना स्थित अपने मामा के घर आया जाया करता था। इसी दौरान उसकी अपनी मामी से नजदीकियाँ बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, बीते 01 अक्टूबर की रात जब मामा सो रहा था, तब उसकी पत्नी भांजे से मिलने दूसरे कमरे में चली गई। नींद खुलने पर मामा ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित मामा ने अपने पिता और बड़े भाई को पूरी बात बताई और तीनों ने मिलकर भांजे को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
साजिश के तहत 6 अक्टूबर की रात मामा ने भांजे को फोन किया और बेहद चालाकी से कहा कि 'बेटी की तबीयत बहुत खराब है और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना है मामा का फोन आते ही वह बिना देर किए तुरंत उनके मकान पर पहुँच गया। सभी आरोपी घर की तीसरी मंजिल पर इकट्ठे हुए और भांजे तथा मामी से उनके संबंधों को लेकर कड़ाई से सवाल जवाब करने लगे, तो डर के मारे मामी ने तीसरी मंजिल की छत से नीचे छलांग लगा दी। वह नीचे लगी टीनशेड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान आरोपियों ने भांजे को भी तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद 7 अक्टूबर को आरोपियों ने एक नया नाटक रचा। उन्होंने मृतक के शव को उसकी ही स्कॉर्पियो की ड्राइविंग सीट पर सेट किया और गाड़ी को सूखी नहर में गिरा दिया, ताकि देखने वालों को लगे कि यह कोई सड़क हादसा है। हालांकि, जांच में जुटी पुलिस को मृतक के दोस्त से अहम सुराग मिला। दोस्त ने बताया कि अंतिम बार वह मामा के फोन करने पर उनके घर गया था। इसके बाद जब पुलिस ने मामा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और पूरी साजिश उगल दी।
बागचीनी थाना पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मामा, बड़े मामा और नाना के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आरोपी मामा और नाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार चल रहे बड़े मामा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।












