मनेंद्रगढ़ 22 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले के केल्हारी मार्ग पर पहाड़ हंसवाही के पास यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में शुरुआत में चालक समेत दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर छह होने की सूचना मिल रही है। हालांकि, छह मौतों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना में करीब 15 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान पहाड़हंसवाही के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतकों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान के संबंध में भी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से पुष्टि होने के बाद ही मृतकों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान स्पष्ट हो सकेगी।












