नई दिल्‍ली 10 अगस्त 2022 -  उन्‍नाव गैंगरेप मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है. सामूहिक दुष्‍कर्म की शिकार युवती ने अब दिल्‍ली महिला आयोग की अध्‍यक्ष स्‍वाति मालीवाल से मदद की गुहार लगाई है. वहीं अब दिल्‍ली महिला आयोग (DCW) उन्‍नाव रेप मामले को उत्‍तर प्रदेश की अदालत से दिल्‍ली में ट्रांसफर कराने की तैयारी कर रही है. आयोग की ओर से बताया गया कि इस मामले के तबादले के लिए आयोग की टीम अदालत जा रही है।

दिल्‍ली महिला आयोग की अध्‍यक्ष स्‍वाति मालीवाल (Swati Maliwal) की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि उन्नाव गैंगरेप मामले के एक आरोपी ने उन्नाव रेप पीड़िता के खिलाफ उत्‍तर प्रदेश में गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी करवा लिया है. आरोपी ने पीड़‍िता की उम्र पर सवाल खड़े किए हैं और उसे कटघरे में लाने के लिए यूपी से वारंट निकलवा लिया है. जबकि इस मामले का मुख्‍य आरोपी ओर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पहले से जेल में बंद है।

आयोग ने बताया कि गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पीड़िता ने स्वाति मालीवाल से सहायता मांगी है. लिहाजा दिल्ली महिला आयोग पीड़िता के खिलाफ दर्ज हुए मामले को दिल्ली ट्रांसफर करवाने के लिए अब कानूनी लड़ाई लड़ रहा है. पीड़‍िता के मामले को एडवोकेट वृंदा ग्रोवर देखेंगी और पीड़िता का पक्ष अदालत में रखेंगी।

स्‍वाति मालीवाल ने कहा, ‘उन्नाव रेप पीड़िता के साथ कुलदीप सेंगर और उसके साथियों ने बलात्कार किया था. बलात्कार के एक आरोपी ने अब पीड़िता के ही खिलाफ यूपी के कोर्ट से अरेस्ट वारंट निकलवा दिया है. हम पीड़िता की कानूनी लड़ाई में मदद कर रहे हैं।