नई दिल्‍ली 28 जुलाई 2022 -  श्रीलंका के बाद हमारा एक और पड़ोसी पाकिस्‍तान बदहाली की कगार पर पहुंच चुका है. खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं और महंगाई दर 21.3 फीसदी के स्‍तर पर पहुंच गई है. अब पाकिस्‍तान की सरकार ने डीजल, पेट्रोल और कैरोसिन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद बिजली के दामों में भी इजाफा करने का ऐलान कर दिया है. सरकार ने बिजली की कीमतों में 7.90 रुपये प्रति यूनिट की भारी-भरकम बढ़ोतरी की है. इस वृद्धि के बाद पाकिस्‍तान में बिजली की कीमत प्रति यूनिट 24.8 रुपये हो जाएगी।

पाकिस्तान के बिजली मंत्री खुर्रम दस्तगीर ने 26 जुलाई को बताया कि बिजली के रेट में यह बढ़ोतरी गरीब उपभोक्ताओं का ध्यान रखते हुए चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी. पहले चरण में 26 जुलाई से 3.50 रुपए प्रति यूनिट दाम बढ़ा दिया गया है. इसके बाद 3.50 रुपए प्रति यूनिट का इजाफा अगस्त में होगा. अक्‍टूबर में 0.91 रुपए प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की जाएगी. इस हिसाब से देखें तो पाकिस्तान में अक्टूबर से एक यूनिट बिजली का रेट बढ़कर 24.80 रुपए हो जाएगा।