नई दिल्ली 23 सितंबर 2026 - मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रह सकता है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव (Deep Depression) अब पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के मौसम को तेजी से प्रभावित कर रहा है. इसके असर से कई राज्यों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसके असर से ओडिशा के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने कई जिलों में प्रशासन को अलर्ट कर दिया है. सात जिलों में 24 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है, जबकि सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के मुताबिक, यह सिस्टम 23 सितंबर की रात करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जमीन से टकरा सकता है. डीप डिप्रेशन, कम दबाव वाले क्षेत्र से ज्यादा ताकतवर लेकिन चक्रवाती तूफान से कम तीव्र वेदर सिस्टम होता है. ओडिशा के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ओडिशा में बुधवार को कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी जैसी स्थिति भी बन सकती है. बुधवार और गुरुवार को मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. झारखंड में भी बुधवार को ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान है. कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज और बिजली चमक सकती है।
संभावित आपदा से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने 33 ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (OD RAF) टीमों को तैनात किया है. इनमें 24 टीमें संवेदनशील जिलों में भेजी गई हैं, जबकि 9 टीमों को गंजाम के छत्रपुर में रिजर्व रखा गया है. गंजाम, गजपति, कोरापुट, मलकानगिरी, रायगढ़ा, कालाहांडी और बलांगीर में बचाव दल तैनात किए गए हैं. जरूरी सामान, मेडिकल और आपात सेवाओं को भी तैयार रखा गया है. नदियों, जलाशयों और बांधों में पानी के स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।













