राजनांदगांव 04 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां राह चलते दो अनजान व्यक्तियों की मदद करना एक युवक को महंगा पड़ गया। युवक ने इंसानियत दिखाते हुए रास्ते में लिफ्ट मांगने वाले दो अज्ञात व्यक्तियों को अपनी बाईक पर बैठा लिया, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी जैसी हालत में सड़क किनारे लेट गया। जब उसे होश आया तो दोनों व्यक्ति उसकी बाईक को लेकर गायब हो चुके थे। घटना 30 अक्टूबर की है।

दरअसल डोंगरगढ़ के बधियाटोला वार्ड क्रमांक 07 निवासी 25 वर्षीय विशाल टेम्भुरकर अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स से प्रज्ञागिरि की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। विशाल ने दोनों की मदद करने के इरादे से उन्हें अपनी बाईक पर बैठा लिया। उस समय उसे अंदाजा नहीं था कि अनजान व्यक्तियों की मदद करना उसके लिए इतनी बड़ी परेशानी बन जाएगा।

प्रज्ञागिरि पहुंचने के बाद अचानक विशाल की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तेज चक्कर आने लगे और वह खुद को संभाल नहीं पाया। तबीयत ज्यादा खराब होने पर वह सड़क किनारे लेट गया। इसी दौरान दोनों अज्ञात व्यक्तियों को मौका मिल गया। कुछ देर बाद जब विशाल को होश आया और उसने आसपास देखा तो उसकी बाईक वहां मौजूद नहीं थी और लिफ्ट लेने वाले दोनों व्यक्ति भी गायब हो चुके थे।

घटना के तीन दिन बाद, 2 नवंबर को विशाल डोंगरगढ़ थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।