रायपुर 04 नवम्बर 2026 - विवादास्पद ज्ञानु और जानू वीडियो पर भाजपा नेताओं की शिकायत पर रायपुर पुलिस के मामला दर्ज करते ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी के बेटे अमित जोगी गायब हो गए हैं. ऐसे में मामले में पूछताछ के लिए सिविल लाइन पुलिस ने अमित जोगी निवास में अमित जोगी के नाम से नोटिस चस्पा कर पूछताछ के लिए एक दिन में थाने हाजिर होने के लिए निर्देश दिया है।

सिविल लाइन पुलिस ने जोगी निवास पर अमित जोगी के नाम से चस्पा नोटिस में लिखा है कि थाने में धारा 196, 352, 353 (2), 356 (2) BNS एवं IT एक्ट के तहत 03 नवंबर को दर्ज मामले की जांच में तथ्यों और परिस्थितियों को सुनिश्चित करने के लिये आपसे प्रश्न पूछने के लिए युक्तियुक्त आधार पाया गया हैं, जिसके लिए आपको नोटिस प्राप्ति के एक दिवस के भीतर थाना में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया जाता है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी के बेटे अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर किया था, जिसमें पीएम और सीईसी का मुखौटा पहने दो लोग दिख रहे थे. इसके बाद उनकी सांकेतिक शादी करवाई. बाद में हनीमून के नाम पर एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।

अमित जोगी के इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना होने लगी. साथ ही उनकी मानसिकता और सस्ती राजनीति पर सवाल उठाने लगे. विवाद बढ़ता देखकर अमित जोगी ने अपना पोस्ट सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा कि एक रेखा जिसे मैं पार नहीं करना चाहता. अब पोस्ट हटा दी गई. उन्होंने लिखा कि Honeymoon पोस्ट के संदर्भ में, आज सुबह मुझे एहसास हुआ कि जो संदेश मैं देना चाहता था, वह मेरे विश्वास के अनुसार आज भी वैध है, लेकिन उसे जिस तरीके से दिया गया, वह आदर्श नहीं था।