शहडोल 04 नवम्बर 2026 - मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) अपनी ड्यूटी छोड़कर सादी वर्दी में मुर्गियां वसूलने निकल पड़ा। आरोप है कि ASI ने एक मुर्गी व्यापारी की पिकअप गाड़ी को रुकवाकर जबरन चार मुर्गियां उठा लीं और विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ गाली गलौज की। मामला एसपी तक पहुंचते ही आरोपी ASI दीपक सिंह परिहार को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जिले के सीधी थाने में पदस्थ ASI दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी जयसिंह नगर ब्लॉक के बंसुकली में मुख्यमंत्री के 'जन विश्वास अभियान' कैंप की सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई थी। आरोप है कि ASI दीपक सिंह परिहार तय जगह पर अपनी ड्यूटी करने के बजाय सादी वर्दी में दूसरे इलाके में चला गया। वहां उसने स्थानीय ग्रामीण आदिवासियों और व्यापारियों के साथ बदसलूकी व मारपीट शुरू कर दी।
इस मामले को लेकर अम्डह गांव के रहने वाले पोल्ट्री व्यापारी तौकीर रजा ने शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि ASI दीपक सिंह परिहार ने पहरिया के पास उनके कर्मचारियों की मुर्गियों से भरी पिकअप वैन को बीच रास्ते में रुकवा लिया। इसके बाद उसने गाड़ी से जबरन चार मुर्गियां निकाल लीं। जब पिकअप पर मौजूद कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो ASI ने उन्हें पीटने की धमकी दी।
तौकीर रजा का आरोप है कि जब कर्मचारियों ने उन्हें फोन पर इस घटना की जानकारी दी और उन्होंने खुद ASI से बात कर इस हरकत पर आपत्ति जताई, तो ASI रौब झाड़ने लगा। आरोप है कि ASI ने फोन पर ही व्यापारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और खुली चुनौती देते हुए कहा कि जहां शिकायत करनी हो, कर लो। हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने दखल दिया और पुलिसकर्मी की इस हरकत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कीASI दीपक परिहार जन विश्वास कैंप में तैनात था। शिकायत मिली थी कि उक्त एएसआई सादी वर्दी में लोगों के साथ गलत व्यवहार कर रहा था और मुर्गे वसूलने की बात भी सामने आई थी। उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और मामले में विभागीय जांच बैठा दी गई है।













