कोरबा 04 नवम्बर 2026 - कुसमुंडा - गेवरा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों सवार तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती ने भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गेवरा टीपर मार्ग पर स्कूटी और बाइक के बीच आमने - सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक भारी वाहन की चपेट में आ गया। वहीं स्कूटी सवार युवती भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मार्ग पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है।













