देवरिया 04 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के देवरिया में महिला टीचर रानी विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी और महिला टीचर के बीच नजदीकी संबंध थे. विजय पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं. रानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपनी कार की डिक्की में रखा और पूरे दिन आस पास के इलाकों में घूमता रहा. शाम होने पर उसने देवरिया के रुद्रपुर इलाके में एक स्कूल के पास शव फेंक दिया और फरार हो गया।

मृतका रानी विश्वकर्मा गोरखपुर जिले के झंगहा थाना इलाके के खुरुहरी गांव की रहने वाली थी. वह चौरी - चौरा क्षेत्र के नई बाजार स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में टीचर थी. इसी स्कूल का मैनेजर विजय निषाद देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र का निवासी है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच नजदीकी संबंध बन गए थे. विजय पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं. रानी उससे शादी करना चाहती थी और लगातार इस बात का दबाव बना रही थी. पुलिस का दावा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे रानी स्कूल पहुंची थी. वहां उसने एक बार फिर विजय से शादी की बात की. आरोपी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे विजय अपनी कार से रानी को लेकर मीठा बेल गांव के बाहर सुनसान कच्चे रास्ते पर पहुंचा. पुलिस का कहना है कि वहां कार की बीच वाली सीट पर उसने रानी का गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को कार की डिक्की में रखकर ढक दिया।