नई दिल्ली 04 नवम्बर 2026 - चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर भले ही धीरे - धीरे कम हो रहा है लेकिन जाते - जाते भी यह कई राज्यों के मौसम में बड़ा बदलाव ला रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 4 नवंबर को देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गरज - चमक के साथ हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से आज आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं से नुकसान की आशंका जताई है। उत्तर प्रदेश में चक्रवात मुरासु का कोई खास असर नहीं है। वहीं बिहार के पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर, भोजपुर और बक्सर समेत ज्यादातर जिलों में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। राज्य में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
चक्रवात के असर से झारखंड में आज कहीं - कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं ओडिशा में 4 नवंबर को कई इलाकों में व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि 5 से 7 नवंबर के बीच राज्य में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है। दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में हवा की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।
इसके अलावा केरल और माहे में 4 से 8 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 5 से 9 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। वहीं लक्षद्वीप में 4 से 9 नवंबर के दौरान अलग-अलग दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'मुरासु' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल रहा है। इसके चलते 4 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि रायलसीमा और तटीय इलाकों में 5 से 9 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।













