दुर्ग 19 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। मुलजिम पेशी ड्यूटी पर सरगुजा भेजे गए सहायक उप निरीक्षक (ASI) और आरक्षक को SSP विजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मी अंबिकापुर के नया बस स्टैंड पर कथित तौर पर शराब के नशे में जमीन पर सोते मिले थे। हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों ने अपनी सरकारी इंसास राइफल भी लावारिस हालत में छोड़ दी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी की मुलजिम पेशी ड्यूटी लगाई गई थी। दोनों पुलिसकर्मियों को 17 अक्टूबर को सरगुजा भेजा गया था। 18 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर अंबिकापुर के नया बस स्टैंड में दोनों पुलिसकर्मी कथित तौर पर शराब के नशे में पाए गए। बताया गया कि दोनों कर्मचारी अपनी इंसास राइफल को छोड़कर जमीन पर सो रहे थे।
इस दौरान किसी ने दोनों पुलिसकर्मियों का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सहायक उप निरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबन अवधि के दौरान रक्षित केंद्र दुर्ग से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही निलंबन की अवधि में दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता रहेगी।












