बालोद 24 सितंबर 2026 - जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के पथराटोला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम कर रही तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए दल्लीराजहरा स्थित ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना के समय पथराटोला गांव की महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में खेत में मौजूद तीन महिलाएं आ गईं। आस पास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और महिलाओं की मदद की।
इस हादसे में अनुसुइया बाई पति ज्योति राम मसिया उम्र 40 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वही क्लेन्द्री बाई पति जगन्नाथ पिस्दा उम्र 42 वर्ष और रामेश्वरी सहारे पति दिलबर सहारे उम्र 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए दल्लीराजहरा स्थित ज्योति हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल में दोनों घायल महिलाओं का इलाज जारी है।













