जगदलपुर 10 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे - 63 पर सोमवार शाम सराफा कारोबारी से लूट हुई है। दो अज्ञात बदमाशों ने 2 करोड़ रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। व्यापारी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद एक व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जंगल में दो बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई और उसमें बैठ गए। इसके बाद दोनों ने व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर बंदूक तान दी और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के जेवर थे। इनकी कीमत 01 करोड़ 80 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

इसके अलावा बैग में 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की जांच और जेवर के सत्यापन के बाद ही लूट की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, व्यापारी स्वरुप सोनी शाम के समय भैरमगढ़ से गीदम के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक व्यापारी भी था। दोनों निजी गाड़ी बुक कर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र में बीच जंगल में अज्ञात लोगों ने सड़क पर हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई।

इसके बाद 2 लोग गाड़ी में सवार हो गए और कुछ दूर आगे ले जाने के बाद व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया। बदमाशों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू भी अड़ा दिया। इसके बाद सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। वारदाता के बाद किसी तरह व्यापारी पुलिस थाने पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।