जशपुर 10 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक शराबी बेटे ने मामूली सी बात पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। मां ने जब उसे देर रात लौटने पर दिन का खाना निकाल कर खाने को कहा, तो आरोपी बेटा इस कदर भड़क उठा कि उसने चूल्हे से अधजली लकड़ी उठाकर मां को तब तक पीटा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला जशपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका के पति सुरेंद्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया था। घर पर उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा। घर आते ही उसने खाने की मांग की। इस पर मां वेनेदिक्ता ने उससे कहा कि दिन का खाना रखा हुआ है, उसे खुद निकाल कर खा लो। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

उसने आवेश में आकर चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी को उठा लिया और अपनी ही मां पर ताबड़ तोड़ हमले शुरू कर दिए। उसने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई गंभीर वार किए, जिससे महिला लहू लुहान होकर जमीन पर बेसुध गिर पड़ी। घर में उस वक्त सो रही उसकी बेटी जब मां की चीख - पुकार सुनकर बीच - बचाव करने पहुंची, तो हैवान बने भाई ने उसे भी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने छोटे भाई के पास जाकर उसे भी धमकाया और मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर भाग निकला।