उन्नाव 06 नवम्बर 2026 - यूपी के उन्नाव से ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं. यहां अपने बीमार पति को छोड़कर एक महिला अपने दामाद के साथ फरार हो गई. आरोप लगाया गया है कि महिला घर में गड़ी पुश्तैनी ज्वेलरी भी खोदकर ले गई है. अब इस मामले को लेकर बीमार पति और बेटा शिकायत करने SP के पास पँहुचे है. मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
.बेटे ने शिकायत में कहा कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने बहन की हत्या कर दी थी. बेटे का कहना है कि बहन की मौत के बाद उसके बच्चे की परवरिश को देखते हुए परिवार ने उस समय केस दर्ज नहीं कराया था. इसके बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर आना-जाना शुरू हो गया था।
बेटे के मुताबिक, पिता ने जब इस बात का विरोध किया तो घर में झगड़े होने लगे. परिवार का दावा है कि मां और बहनोई की नजदीकियां बनी रहीं. अब मां उसी बहनोई के साथ घर छोड़कर चली गई है. बेटे और उसके बीमार पिता का कहना है कि घर के अंदर जमीन में एक गड्ढा खोदकर परिवार के पुश्तैनी गहने छिपाकर रखे गए थे. इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना था. आरोप है कि महिला जमीन खोदकर ये गहने भी निकाल ले गई।
परिवार ने पहले अजगैन थाने में शिकायत दी थी. बेटे का कहना है कि वहां से कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए वह एसपी के पास पहुंचा. उसने मां और बहनोई के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है. एसपी जय प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है. अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।













