बलौदाबाजार 06 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह करंट लगने से कपड़ा कारोबारी पिता और पुत्र की मौत हो गई वहीं कपड़ा कारोबारी की पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई हैं। घटना शहर के जैन मंदिर के पास की है।
जानकारी के अनुसार आज 06 नवंबर की सुबह घर में साफ सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर रेलिंग में लगे लोहे के पाइप में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। इसकी चपेट में आने से कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (47 वर्ष) करंट से चिपक गए। राकेश गुप्ता को बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी करंट की चपेट में आ गए।
इस हादसे में राकेश गुप्ता और उनके 22 वर्षीय पुत्र ओम गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां उनका ईलाज जारी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की करंट लगने से हुई मौत की खबर से पूरे शहर में शोक का माहौल है।













