पटना 10 नवम्बर 2026 - बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दीपावली की रात अपने लापता पिता को ढूंढने निकली दो सगी बहनों के साथ ऐसा खौफनाक खेल खेला गया, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। तीन बदमाशों ने छोटी बहन की कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसे बंधक बना लिया और उसी के सामने उसकी बड़ी बहन के साथ बारी - बारी से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। दरिंदे यहीं नहीं रुके, उन्होंने इस पूरी घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया और पीड़िताओं को धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी और पीड़िताओं के बयानों के मुताबिक, घटना दीपावली की रात यानी 8 नवंबर की है। करीब दो साल पहले मां की मौत हो जाने के बाद से उनके पिता मानसिक तनाव में रहते थे और अक्सर घर से गायब हो जाते थे। दीपावली की रात भी जब पिता करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे, तो पिता की तलाश में घर की सबसे बड़ी बेटी (जो बीए में दाखिला ले चुकी है और मां की मौत के बाद घर संभाल रही थी) अपनी छोटी बहन के साथ घर से बाहर निकली।
दोनों बहनें अभी घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही थीं कि दूसरे गांव के तीन शातिर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बड़ी बहन को दबोच लिया और उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। जब छोटी बहन ने अपनी बड़ी बहन को बचाने की कोशिश की और विरोध किया, तो एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने पर मजबूर कर दिया गया। इसके बाद बदमाश बड़ी बहन को बाल पकड़कर घसीटते हुए घर से डेढ़ किलोमीटर दूर एक सुनसान सड़क और निर्जन इलाके में ले गए, जहां उन्होंने छोटी बहन के सामने ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी तरह दोनों बहनें रात करीब 1 बजे अपने घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई। जिसके बाद तुरंत डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़िताओं के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।













