महासमुंद 16 अक्टूबर 2026 - नशीली टैबलेट तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। उसे पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद इलाज के लिए लाया गया था। आरोपी की निगरानी में दो पुलिस जवान तैनात थे, लेकिन गुरुवार सुबह वह अस्पताल से निकलने में कामयाब हो गया। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश के साथ अभिरक्षा में हुई चूक की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में 20 वर्षीय दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। बाद में तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर सरायपाली में प्राथमिक उपचार के बाद उसे महासमुंद के जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में आरोपी की निगरानी के लिए पुलिस जवान खोमन लाल साहू और रामचरण यादव तैनात थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर के काम में व्यस्त था। इसी दौरान दिनेश वहां से फरार हो गया।

पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के निकलने के रास्ते और फरारी से जुड़े घटनाक्रम का पता चल सके। आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश की जा रही है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच में यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद वह कैसे फरार हुआ और इस चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।