बिलासपुर 16 अक्टूबर 2026 - बिलासपुर जिले के ग्राम बांधा में अवैध इमारती लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर छापेमारी कर उसके बेटे राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी के 31 नग चिरान और सिलपट बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा में अवैध रूप से इमारती लकड़ी रखने और उसका कारोबार किए जाने की सूचना लंबे समय से मिल रही थी. जुनापारा चौकी पुलिस ने वन विभाग के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई. संयुक्त टीम ने पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर छापा मारा, जहां उनके पुत्र राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी के 31 नग चिरान और सिलपट मिले. इसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है. टीम ने लकड़ी जब्त कर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
ग्राम बांधा में की गई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है. संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि अवैध रूप से इमारती लकड़ी रखने और कारोबार करने वालों के विरुद्ध संबंधित विभाग सख्ती बरत रहे हैं।












