मुंगेली 15 अक्टूबर 2026 - मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधीन मोहले, निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम तथा गंगा राम, निवासी रेहुंटा शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा विधायक पुन्नूलाल मोहले के गृह ग्राम दशरंगपुर में हुआ। उनके भाई अधीन मोहले भी इसी गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अधीन मोहले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान वे अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर कुछ लोगों से चर्चा कर रहे थे इस बीच तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि अधीन मोहले समेत तीन लोगों की जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन मौके से फरार हो गया। वाहन किसका है, उसे कौन चला रहा था और उसका नंबर क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरों में एक पिकअप वाहन नजर आया है, जो तखतपुर की ओर से मुंगेली की तरफ जा रहा था। हालांकि, फुटेज में नजर आए वाहन की दुर्घटना में संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले एवं दो अन्य की आकस्मिक निधन से उनके परिजनों, परिचितों और समर्थकों में दुख व्याप्त है। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है। अब पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार वाहन चालक के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।