महासमुंद 15 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में पालिका द्वारा निर्मित पौनी पसारी चबूतरे पर बुधवार सुबह आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृत आरक्षक कोतवाली थाने में पदस्थ था। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल आरक्षक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बागबाहरा थाना क्षेत्र में स्थित पौनी पसारी चबूतरे के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा और इसकी सूचना  पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान आरक्षक कृष्णा पटेल के रूप में हुई, जो कोतवाली थाने में पदस्थ था।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह आत्महत्या का मामला है या मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। जांच टीम सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।