देहरादून 16 अक्टूबर 2026 - उत्तराखंड की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है. धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर धोखे से विवाह करने, दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध रखने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि रेखा आर्या उत्तराखंड की महिला सशक्ति करण एवं बाल विकास मंत्री हैं. रेखा आर्या ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह किया था. रेखा आर्या का आरोप है कि गिरधारी लाल ने विवाह के समय अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी. कुछ साल बाद उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं।
शिकायत के मुताबिक गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के अन्य महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिलने पर रेखा आर्या ने विरोध किया. शुरुआत में आरोपी गिरधारी लाल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला. कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली गलौज की जाने लगी. उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस को एक ऑडियो मिलने की जानकारी भी दी है. आरोप है कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी (रेखा आर्या) की हत्या की साजिश रचने की बात कर रहा है. अब रेखा आर्या ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












