रायपुर 15 अक्टूबर 2026 -  छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इन तीनों प्रमुख अवसरों पर स्कूलों में कुल 16 दिनों का अवकाश रहेगा। खास तौर पर दीपावली की छुट्टियों में एक दिन की बढ़ोतरी की गई है, जिससे विद्यार्थियों को त्योहार मनाने के लिए और अधिक समय मिल सकेगा।

दशहरा पर 5 दिन बंद रहेंगे स्कूल:

छत्तीसगढ़ शासन के जारी अवकाश कार्यक्रम के अनुसार, दशहरा के अवसर पर 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। इस तरह विद्यार्थियों को लगातार पांच दिनों का अवकाश मिलेगा, जिससे वे परिवार के साथ त्योहार का आनंद उठा सकेंगे।

दीपावली की छुट्टी बढ़कर हुई 6 दिन:

दीपावली की छुट्टियों में संशोधन किया गया है। पहले स्कूलों में 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिनों का अवकाश निर्धारित था, लेकिन अब इसमें एक दिन की बढ़ोतरी करते हुए इसे 6 नवंबर से 11 नवंबर तक कर दिया गया है। इस बदलाव से विद्यार्थियों को लगातार छह दिनों की छुट्टी का लाभ मिलेगा।

दिसंबर में 5 दिन का शीतकालीन अवकाश:

सर्दियों के  मौसम में विद्यार्थियों को राहत देते हुए 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक पांच दिनों का शीतकालीन अवकाश निर्धारित किया गया है, जो उन्हें पढ़ाई से थोड़ा विराम दिलाएगा।

दशहरा के पांच दिन, दीपावली के छह दिन और शीतकालीन अवकाश के पांच दिन मिलाकर कुल 16 दिनों की छुट्टियां तय की गई हैं। दीपावली अवकाश में संशोधन और इन छुट्टियों को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री की घोषणा के बाद, अब जल्द ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नया और आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है।