बालोद 06 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमापारा इलाके में एक अज्ञात हमलावर ने घर लौट रही युवती पर तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती रोजाना की तरह पढ़ाई के सिलसिले में जिला ग्रंथालय गई हुई थी। देर शाम जब वह पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक अज्ञात युवक ने अचानक युवती पर तेजाब से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से झुलसी हुई युवती को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया। अत्यधिक झुलसने की वजह से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहाँ उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती के पिता पुलिस विभाग में ही पदस्थ हैं। 

पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द से जल्द शिकंजे में लेने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगेCCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावर का सुराग मिल सके।