बालोद 25 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के कांकेर बालोद सीमा पर स्थित NH --30 के मरकाटोला घाट पर शुक्रवार को एक ट्रक और पिकअप में आमने - सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में अब तक पांच युवकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज धमतरी के अस्पताल में जारी है।
पिकअप वाहन में कुल 15 लोग सवार होकर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा, गंभीर रूप से घायल हुए तीन युवकों को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, सात अन्य घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका डॉक्टरों की देखरेख में गहन उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुरूर की पुलिस मौके पर पांहुची और तत्परता दिखाते हुए डायल 112 की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए धमतरी के अस्पताल पहुँचाया। इस भीषण टक्कर के कारण दोनों क्षतिग्रस्त वाहन नेशनल हाईवे पर ही पड़े रहे, जिससे मार्ग पर यातायात भी बाधित हुआ। पुलिस और प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुँचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने का काम किया।
पुलिस ने दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए जाँच शुरू कर दी है। यह स्पष्ट करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में ट्रक और पिकअप के बीच यह टक्कर हुई। पुलिस घटना स्थल से तमाम साक्ष्य जुटा रही है और मामले में आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।













