बालोद 19 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बालोद में शनिवार की सुबह कर्मचारियों से भरी बस करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई वहीं 20 से अधिक लोग घायल हो गए है. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है. बस में कंपनी के बड़ी संख्या में कर्मचारी सवार थे. शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी. इसी दौरान करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई आस पास से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

हादसे के बाद शव को बस से बाहर निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि शव को बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा. वहीं घायलों को तत्काल एंबुलेंस 108 की मदद से बालोद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।

हादसे की सूचना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मृतक की पहचान के साथ हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।