दंतेवाड़ा 19 जून 2023 - छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल NMDC स्थित इंडियन काफी हाउस में उस वक्त भीषण आग लग गई जब फादर्स डे मनाने काफी हाउस में 50 से अधिक लोग पहुंचे थे। दरअसल, देर रात 10 बजे जब लौहनगरी किरंदुल में इंडियन काफी हाउस में लोग फादर्स डे सेलिब्रेट करने पहुंचे थे। तभी काफी हाउस के किचन से अचानक आग की लपटें उठने लगी।

देखते ही देखते आग की लपटें किचन से रेस्टोरेंट की तरफ बढ़ने लगी जिसे देखकर काफी हाउस में भगदड़ मच गई। आग की भयंकर लपटें जब तक पूरे काफी हाउस को अपने आगोश में लेती वहां मौजूद स्टाफ ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी जिसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक किचन में जब खानसामा भोजन बना रहे थे, इसी दौरान सिलेंडर का पाइप निकल गया जिससे गैस का रिसाव होने की वजह से आग लग गई। जिस जगह काफी हाउस बना हुआ है, उसके आसपास दर्जनों मकान और दुकान हैं। समय रहते फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टाल गया। घटना के बाद मौके पर NMDC के अधिकारी और पुलिस पहुंचकर घटना की जांच कर रही है।