रायपुर 30 अप्रैल 2024 - तीसरे चरण के मतदान से ठीक पहले रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रूपये एक पिकअप वाहन से जब्त किये है। बताया जा रहा है कि ओडिशा नंबर के रजिस्टर्ड पिकअप वाहन में आलू की बोरियों के बीच पैसों को कार्टून में छिपाकर रखा गया था। पैसे संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज न होने से 102 CRPC के तहत जप्त किया गया है और इनकम टैक्स विभाग को सूचित किया गया है। पुलिस द्वारा जांच जारी है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात रायपुर पुलिस की टीम सीमावर्ती क्षेत्रों में गहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर ओडिशा नंबर की पाशिंग पिकअप वाहन पर पड़ी।
पिकअप क्रमांक OD 02 CF 5591 के चालक रताप प्रधान से पूछताछ करने पर उसने गाड़ी में आलू लोड होने की जानकारी पुलिस टीम को दी लेकिन पुलिस ने संदेह के आधार पर पिकअप में रखे आलू की बोरियों की जांच शुरू की तब बोरियों के बीच कार्टून से पुलिस ने 50 लाख रूपये बरामद किये।
चालक किसके कहने पर उक्त कैश रकम कहा पहुंचाने जा रहा था। इस संबंध में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को दे दी है।










