रायपुर 06 मई 2026 - राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, आपोलो मेडिकल स्टोर के पास एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही दो सालियों को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर है। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाल कर दोनों सालियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी जितेंद्र वर्मा को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि उसने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।









